डायल 112 की टीम ने बचाई आत्महत्या की कोशिश कर रही युवती और सड़क हादसे में घायल युवक को
रायपुर
डायल 112 की टीम ने खुदकुशी करने की कोशिश कर रही एक युवती और सड़क हादसे में घायल हुए युवक की जान बचाने का काम रहे। चरोरा में जहां दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण एक युवती जहां छत से कूदने वाली थी वहीं राजधानी के व्यवस्तम गोलबाजार क्षेत्र में रोड एक्सीडेंट में घायल युवक को अंबेडकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
डायल 112 के सिविल लाइन कमांड सेंटर से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर डायल 112 कमांड सेंटर रायपुर में सूचना प्राप्त हुई कि रायपुर जिले के थाना धरसींवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में एक लड़की छत से कूदकर आत्महत्या करने जा रही है। सूचना पर डायल 112 धरसींवा टाइगर-2 को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। डायल 112 की टीम घटना स्थल पहुंची, जहां 22 साल की एक युवती आत्महत्या करने के लिए दो मंजिला मकान की छत पर लटक रही थी। बताया जा रहा है कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। डायल 112 की टीम के द्वारा सुरक्षा के लिए छत के नीचे चादर लगाकर रखा गया एवं छत पर चढ़कर पीड़िता को ऊपर खींचकर उसकी जान बचाई।
इसी तरह रविवार सुबह पांच बजे डायल 112 कमांड सेंटर रायपुर में सूचना प्राप्त हुई कि गोलबाजार में रोड एक्सीडेंट हो गया है, एक व्यक्ति घायल है। सूचना पर डायल 112 गोलबाजार टाईगर-1 को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। डायल 112 की टीम घटना स्थल पहुंची, जहां एक अज्ञात वाहन चालक के द्वारा एक्सीडेंट करने से मोटर सायकल सवार व्यक्ति घायल हो गया था। उसे सिर एवं पैर में चोट लगी थी। डायल 112 की टीम ने घायल व्यक्ति को आंबेडकर अस्पताल रायपुर ले जाकर इलाज के लिए भर्ती कराया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पाठको की राय